तथागत ने कहा था
जो पैदा हुआ है, मरेगा
यही सत्य है।
शाश्वत सत्य।
और—
मरना ही सत्य है
तो लोग मरेंगे
आज, कल और परसों,
अलग-अलग जगहों पर
अलग-अलग तरह से
कुछ मरेंगे—
नशे में धुत
लठैतों से घिरकर
गू-मूत से पटी बस्तियों में,
सूअरों की तरह चीख़ते हुए
बेबस, निरीह, लाचार।
कुछ मरेंगे—
अचानक हुए हमलों में
घास खाकर प्रमत्त
लालची मृगों की तरह,
हरियाली से पटे चरागाहों में,
लापरवाह, बेहोश, बेख़बर।
कुछ मरेंगे—
‘स्टील फ़्रेम’ के नीचे
नीले-सफ़ेद कॉलरों में
समाज से दूर
सरकारी कॉलोनियों में
छिपकर, डरकर चूहों की तरह।
लेकिन,
कुछ मरेंगे—
न सूअरों की तरह
न लालची मृगों की तरह, और
न ही चूहों की तरह
वे मरेंगे—
मुट्ठी तान, जय भीम कहते हुए।








