मुर्दा क़ौमें रोती हैं,
अपनी उन बच्चियों के लिए,
रौंद दी गईं जो,
औरत बनने से पहले,
और सिसकती हैं, उनके लिए भी
जिन्हें रौंद दिया गया
औरत बनने की वजह से।
वह बिलबिलाती हैं
बूढ़ी पीढ़ियों के लिए,
जो विद्रोह से डरती थीं,
और मर गईं चुपचाप,
ग़ुलामी का बोझ ढोते-ढोते।
वह आहें भरती हैं,
अपने सुकुमार बच्चों के लिए,
गिर गए जो,
गर्भ से बाहर आने से पहले,
और उनके लिए भी,
जो मारे गए हमले में
गर्भ से बाहर आने के बाद।








