क्या तुम जानते हो—
किसने गढ़ीं तुम्हारे देवों की मूर्तियाँ,
खजुराहों की काम-क्रीड़ाएँ,
मंदिरों की बुर्जियाँ?
किसने गढ़े—
सम्राट अशोक के शिलालेख,
अजंता-एलोरा की गुफाएँ और—
साँची का स्तूप?
किसने खड़े किए
क़िले-दर-क़िले,
दीवाने-आम, दीवाने-ख़ास और
मुहब्बत का मक़बरा ताजमहल?
किसकी रचना थे वे
काले, मिट्टी के चमकीले बर्तन,
भूरे-लाल खिलौने और
पाँसे के पत्थर?
किसका पसीना था वह—
ढाके का मलमल,
चंदेरी की साड़ियाँ,
गाढ़े का खद्दर?
कौन थे वे जो—
पत्थरों में दम भरते थे,
सूत से कमाल करते थे,
तुम्हारा इतिहास गढ़ते थे?
क्या वे तुम्हारे वंशज थे—
जाति-बिरादर थे,
ब्राह्मण थे, पुरोहित थे, राजा थे?
वह शूद्र थे, अछूत थे।








