मेरी नादानी के आँगन में जलते
मेरे बचपन की चिता से उठा था जो धुआँ
मेरी प्रौढ़ता का दम घुटता है उससे।
पत्थर से बाँधकर अपना अस्वीकृत प्रेमपत्र
जिस पोखरे में फेंका था मैंने
आज तक उसकी लहरें चूमती हैं मेरे पाँव।
मेरे आँसूओं से तर रातें
जम गई हैं मेरी आँखों के नीचे
अर्धचंद्राकार काले निशान के रूप में।
सच तो यह है कि मेरे अतीत को
अपने शर्ट की जेब में लेकर घूमता है वर्तमान मेरा।
...और साइकाइट्रिस्ट;
साइकॉलजी की किताबों के पन्नों से झाँकता,
अपनी आँखों से हटाते हुए अपना रिमलेस चश्मा
हर अपॉइंटमेंट पर कहता है मुझसे―मूव ऑन।








