मर जाते हैं उसी रोज़ हम
जिस रोज़ भूल जाते हैं सपने सजाने का सलीक़ा
ग़ौर से देखो तो पाओगे
कि उम्मीदों की बदौलत चलती हैं साँसें हमारी
ऑक्सीजन का नंबर दूसरा है
हर रात खँगालता हूँ हसरतों की पोटली
मुस्कुराहटें कभी-कभार ही नसीब होती हैं
आमतौर पर हाथ आते हैं आँसू
फिर भी नहीं भूलता खँगालना उसे
और मेरे इनसाइक्लोपीडिया में इसे ही जीना कहते हैं








