लफ़्ज़ ख़ुश्बू में ढालता मंज़र
लीजिए शे'र बन गया मंज़र
कैसा सुंदर था इक ज़माने में
तेरी आँखों में डूबता मंज़र
रंग मौसम से उड़ गए सारे
कैनवस पर पड़ा रहा मंज़र
आप का जिस्म भी है मिट्टी का
एक नाज़ुक सा भुरभुरा मंज़र
मुझ को हैरत से मार डालेगा
आइने में सजा हुआ मंज़र
आह कमरे में जागते रहना
आह खिड़की में सो गया मंज़र
उस ने दामन झटक लिया तौबा
मेरे हाथों से गिर गया मंज़र
तुम यहाँ थे तो था यहीं पर वो
फिर दरख़्तों में जा छुपा मंज़र
कोई आवाज़ फिर से गूँजी है
हो गया फिर हरा-भरा मंज़र
किस की आहट है सूनी गलियों में
किस का खुलता है रात का मंज़र
कोई मुफ़्लिस की पूँजी हो जैसे
जोड़ती हूँ ज़रा ज़रा मंज़र








