जाति
खेतों में पैदा नहीं हुई
घर के अंदर-बाहर रखे
गमलों में नहीं खिली कभी
किसी पेड़ के फल से भी
पल्लवित नहीं हुई।
न ही किसी कारख़ाने में निर्मित हुई
यह बनी है
तुम्हारे ही बोए बबूल के काँटों की नोंक पर
बामन!
तुम्हारे ही स्वार्थ की पूर्ति के लिए
यह हरदम
मुझे दंश मारती है
तुम नहीं काटोगे
अपने बोए बबूल
मुझे ही डालना होगा मट्ठा
तुम्हारी और इसकी जड़ों में।








