हल्लाड़ी
घर में थी
जिस पर पीसा करती थी
माँ प्रतिदिन
काँदा, लहसन, खड़ी मिर्च
पोस्त के साथ पानी मिला
ज्वार की रोटी खाने, चटनी
चटनी जिसमें
हम पाते थे स्वाद
लज़ीज़ दाल-सब्ज़ी का एक साथ
सुबह-शाम, दुपहर।
भरी दुपहरी में
जब सूरज आसमान में
ठीक सिर के ऊपर
टँगा होता
फ़सल काटती माँ
दुपहरी की छुट्टी में
उसी चटनी से
खाती ज्वार की एक रोटी
पानी पी फिर काम में लग जाती
शाम को मज़दूरी में मिलते
ज्वार के गिने-चुने फुकड़े
जिन्हें घर ला माँ झाड़ती डंडे से
निकालती थी ज्वार रात में
हम दिखाते दिन भर धूप
माँ
कभी रात में
कभी अलस्सुबह
अलगनी के नीचे रखी घट्टी में
पीसती थी ज्वार
बनाती थी रोटी हम सबके लिए
कभी-कभी ले आती थी
दो-एक अलूरे फुकड़े
जो सेंके जाते चूल्हे की आग में
और हम एक-एक दाना निकाल खाते थे
अब हम पोस्त नहीं ख़रीद सकते
ज्वार भी मँहगी है
माँ से मजूरी भी नहीं होती
मेरा बचपन भी चला गया
हल्लाड़ी घर के पीछे
बेकार पड़ी है।








