सहारा अलगनी

असंगघोषअसंगघोष

1 min read · 12.4K reads

मेरी माँ

डाला करती थी

गुदड़ी-खतल्या और चद्दर

रोज़ सुबह समेट कर

घर की अलगनी पर

एक जोड़ी

गुदड़ी-खतल्या

पिता की दुकान में भी

एक ओर बँधी

अलगनी पर डला था

जिसे थके-माँदे पिता

देर रात उतार लिया करते थे

अपने बिस्तरे के लिए कभी-कभी

जब देनी होती

तैयार कर

चप्पल की अर्जेंट डिलिवरी

उसके ग्राहक को अलस्सुबह

पिता ग्राहक से मिले

रुपयों में से कुछ

अलगनी पर डली

गुदड़ी की तहत में रख

बचा लेते भविष्य के लिए

जब हाथ में काम नहीं होता

उस समय अलगनी ही आसरा थी

ख़ुद रस्सी के सहारे बँधी

सहारा थी बुरे वक़्त का

हमारे लिए।

असंगघोष
About the poet

असंगघोष

सुपरिचित कवि-लेखक। दलित-संवेदना और सरोकारों के लिए उल्लेखनीय। जन्म : 29/10/1962 | जबलपुर, मध्य प्रदेश असंगघोष का जन्म 29 अक्तूबर 1962 को मध्य प्रदेश के एक छोटे क़स्बे जावद में एक ग़रीब दलित परिवार में हुआ। उनके पिता जूते बनाने का कार्य करते थे। आर्थिक विपन्नता…

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like