लाओत्सु के दरवाज़े पर
कृतज्ञता से भरी हुईं कन्फूशियस की पदचापें थीं
लाओत्सु को यह सुगंध दूर से ही मिलने लगी थी
कहा जाता है लाओत्सु अस्सी वर्ष का गूढ़ अनुभव
और सम्मोहक करुणा लेकर पैदा हुए थे
तो कन्फूशियस ने सीधे चलते हुए
पा ली थी सहजता
यह ईसा से छह सौ वर्ष पूर्व की पृथ्वी थी
जब किसी दार्शनिक से मिलने
उतना ही महान दार्शनिक चला आता था
शाम घिर आई थी
दोनों बैठे रहे एक दूसरे के सम्मुख
बाहर हरी दूब पर हँस रहा था चंद्रमा
अंदर दिए की लौ में निर्वाण की शीतलता थी
इस शास्त्रार्थ में शब्दों के जाल नहीं थे
जिसमे अक्सर फँस जाता था सत्य
न विजय की इच्छा थी
न पराजय का डर
सत्य की समझ का कोई अकेला भाष्य भी
किसी के पास नहीं था
विनम्र मौन से भरा हुआ था वह कक्ष
जहाँ वे बैठे रहे
ऐसे ही देर रात तक नि:शब्द
सत्य झर रहा था
पतझर में जैसे पीले पत्ते बेआवाज़








