ओ! धरती

अरुण देवअरुण देव16 Sept 1972

2 min read · 12.4K reads

 

महाकवि जयशंकर प्रसाद के स्मरण में

एक

त्रिकुटी को कुतरता है कीड़ा
हथेलियों से रेंगता हुआ धीरे-धीरे चढ़ आया है ऊपर
शिराओं में छोड़ता हुआ विष

चेहरे को ढँक लेती है कालिमा
पलकों पर लद गई हैं आँखें, उनके भार से काँपते हैं पैर

पृथ्वी की अँधेरी सुनसान रेत पर गिरती हैं रोशनियाँ उल्कापात की तरह

सुबह के स्वागत में एक भी हरी पत्ती नहीं
कहीं कोई बीज नहीं भविष्य का
अंकुरण के मुहाने धुएँ से अटे पड़े हैं

दो

बोझिल पलकों पर टप-टप बजता है जल
जो जलकुंभी के अंदर
बाहर के पानी से डरकर छिपा था

रेत पर जर्जर पीपल का एक पत्ता अपनी थकी शिराओं से पीता है उसे
उसके होंठ ज़रा हिले हैं

पत्ता खोजेगा अपने लिए एक टहनी
टहनी को चाहिए तना
मुझे लानी है गहरी धँसी हुई जड़ें

रेत से एक आवाज़ आई है कोंपल की
उसके रक्ताभ होंठों पर सूरज की उजली किरण है

तीन

मछलियाँ तट से उचक-उचक देखती हैं
पिघलते पहाड़ को
वह पूरा का पूरा समा जाएगा जल में

जल से जल तक की उसकी यात्रा में जल ही बचेगा
उस जल की अँजुरी से छलांग लगाकर बाहर आ गई है वह रंगीन शल्क वाली मछली

जल का सूखा कण धीरे-धीरे आर्द्र होता है ऑक्सीजन से
मछली के गलफड़े हिलते हैं धीरे-धीरे

चार

धरती पर पहले बारिश की चिकनाहट है
उसने अपनी काया पर लपेट ली है बादलों की नज़र
सूरज डूब रहा है उसके तारुण्य में

धवल बादल थोड़ा ओट होते ही
धरती की देह पर धारदार बरस रहे हैं
भिगोते हुए उसके उतुंग पहाड़
भर गए हैं उसकी घाटी में

हरे पत्तों से ढँक लेती है वह अपना अधखुला अंग

चंद्रमा सूरज की किरणों के जाल में घिरा
चाहकर भी अपने दाग़ नहीं छिपा पाता
अपनी चमक में खुद ही उसका गिरते जाना
धरती ने देखा है

पाँच

चंद्रमा परिश्रम से थकी पृथ्वी को
निर्वस्त्र कर देता है पूर्णिमा तक आते-आते
वह बादलों को पार करके उतर आया है
धरती के तन पर

छह

चंद्रमा के सपने के बाहर
सुबह की खिली हुई धूप में धरती सुनहरी है
पक्षियों का गान उसके कंठ के घाव को धीरे-धीरे भर रहा है
पशुओं के देह पर उग आए हैं रोम
हाथियों के दाँत बढ़ रहे हैं बेख़ौफ़

बहुत दिनों के बाद लौटा है गिद्ध

कौए अपने काले पंख देखकर ख़ुश हैं
अभयारण्य से बाहर शेर की दहाड़ से धरती ख़ुश है

बंदरों के लिए कोई भी जगह निषिद्ध नहीं
मछलियाँ उछलती और गिर पड़ती हैं पानी में
उनके छपाक-छपाक के बीच कहीं कोई जाल या काँटा नहीं

चूजे अपनी पूरी उम्र पाने की उम्मीद में
इधर-उधर फुदक रहे हैं

धरती खिली, खुली, भरी-सी घूम रही है अपनी धुरी पर
सूरज और चाँद से एक निश्चित दूरी पर

  
अरुण देव
About the poet

अरुण देव

View profile & all 90 Poems / Stories

More from अरुण देव

  1. क्या तो समय - अरुण देव

    शिक्षा : जवाहरलाल नेहरू विश्व-विद्यालय(नई दिल्ली) से एम.फिल.,पी.एच.डी. ,विश्व-विद्यालय अनुदान आयोग की फेलोशिप के अंतर्गत मोहन राकेश और आचार्य महावीरप्रसाद द्दिवेदी पर शोध कार्य, क्या तो समय (कविता-संग्रह) 2004 भारतीय ज्ञानपीठ,नई दिल्ली, कुछ आलोचनात्मक लेख, संस्कृति,उपनिवेश और हिंदी आलोचना बहुवचन-८, राष्ट्र की अवधारणा, भारत का अतीत और भारतेन्दु हरिश्चन्द्र,बहुवचन-11,उपनिवेश और हिंदी का स्वरूप,बहुवचन -२५ ,Mahatma Gandi international Hindi University,Verdha....... हिंदी नवरत्न.

    12.4K reads
  2. दाँत का टूटना - अरुण देव

    जहाँ से टूटा था दाँतजीभ बार बार वहीं जाती सहलाती

    12.4K reads
  3. बाएँ बाजू का टूटना - अरुण देव

    दाएँ हाथ में बायाँ अदृश्य रहता थादायाँ ही जैसे हाथ हो

    12.4K reads
  4. आओ, आत्महत्या करें - अरुण देव

    १)इतिहास में उन्होंने कभी मुझे मारा था

    12.4K reads
  5. ततैया का घर - अरुण देव

    घरों में कहीं किसी जगह वह अपना घर बनाती हैंछत्ते जहाँ उनके अण्डे पलते हैं

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like