झारखंड एक्स्प्रेस-13

अरुण चंद्र रायअरुण चंद्र राय

1 min read · 12.4K reads

हालाँकि जादूगोड़ा नहीं जाती है

झारखंड एक्सप्रेस

लेकिन जादूगोड़ा की सिसकियों से

भरा होती है झारखंड एक्सप्रेस।

हाँ वही जादूगोड़ा जहाँ होती है

यूरेनियम की खेती

और यूरेनियम की खेती ने

लील ली हैं ज़िंदगियाँ, मुस्कुराहटें

चारों तरफ़ चेहरों पर

फैली हुई हैं उदासियाँ

अब पहुँच गई हैं सूखते हुए वनों तक

और तालाब से उठती

रेडिएशन की गरम तरंगें

झुलसा रही है पहाड़ और जंगल।

उनकी प्रार्थनाएँ अनसुनी रह जाती हैं कि

दुनिया के किसी कोने में धरती के गर्भ में

न मिले यूरेनियम

और प्रार्थनाओं के बाद थककर

हार जाते हैं काफ़ी लोग

नए-नए रोगों से,

बचे-खुचे लोग कर रहे हैं पलायन

झारखंड एक्सप्रेस से

लेकिन उन्हे कहाँ पता होता है कि

जादूगोड़ा से बड़ा दलदल है ‘दिल्ली’।

अरुण चंद्र राय
About the poet

अरुण चंद्र राय

सुपरिचित कवि। 'खिड़की से समय' और 'झारखंड एक्सप्रेस' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like