दिल्ली से आते हुए
जैसे ही गया स्टेशन पार करती है ट्रेन
शुरू हो जाता है देशी स्वाद का झोंका
'इस रूट की सबसे ख़राब चाय' की हाँक के साथ
तभी आता है
मुरब्बा और अनरसा वाला
बीच-बीच में
झालमुड़ी वाला
और नींबू-चायवाला भी
ये अब जाएँगे हटिया तक
बारी-बारी से चढ़ते-उतरते हुए
दिल्ली में इन स्वादों को
तेजी से लील रहे हैं
चमकदार पैकेट्स और
वेंडिंग मशीन
कहता है कोई
बंद होने वाले हैं
ट्रेन में ये लोकल हॉकर्स
सरकार बना रही है कोई योजना
झारखंड एक्सप्रेस में
नहीं है अब स्वाद झारखंड का
वैसे समूचे देश का होने वाला है।








