तीन साल की बेटी
दुधमुँहे बेटे
और इंडिया के लती
अपने टेम्पो चालक पति को छोड़कर
वह जा रही है दिल्ली
झारखंड एक्सप्रेस से।
फ़रीदाबाद, गुड़गाँव या नोएडा
सब उसके लिए दिल्ली ही है
उसके साहब का बड़ा बंगला है
जिसके भीतर है तैरने वाला तालाब
तरह-तरह के फलों के वृक्ष
और घास वाले मैदान जिस पर उसे
चढ़ने की नहीं है इजाज़त
आनंद विहार स्टेशन पर उसको लेने आएगी साहेब की गाड़ी
अगले ही दिन लौट आएगी
उसकी जगह पर काम कर रही उसकी बहिन
बंधक के तौर पर।
वह बनाती है खाना
मेम साहब के बच्चों को लेकर आती है स्कूल से
टहलाती है उनके विदेशी कुत्ते को सुबह शाम
रात को आउट हाउस में सो जाती है।
जहाँ कभी-कभी आ जाते हैं
साहब, साहब का बेटा, साहब का ड्राइवर, चौकीदार और
उसको नौकरी दिलाने वाला
उसके गाँव के तरफ़ का ही आदमी।
दामोदर की बेटी वह
बंधक है रोटी की
गिरवी है कपड़ों की
गुलाम है भूख की
वह चाहती है
झारखंड एक्सप्रेस कभी नहीं पहुँचे दिल्ली!








