झारखंड एक्सप्रेस-14

अरुण चंद्र रायअरुण चंद्र राय

1 min read · 12.4K reads

गोमो आकार

पूरी तरह भर जाती है

झारखंड एक्स्प्रेस

ठसाठस

कई बार मज़दूरों को देखकर भ्रम भी होता है

कि भरी हुई हैं कोयले की बोरियाँ।

गोमो वही स्थान है

जहाँ अँग्रेज़ों की गिरफ़्त से भाग निकले थे

सुभाष चंद्र बोस

लेकिन यहाँ के लोग अब भी गिरफ़्त में हैं

कोयला माफ़िया के

लकड़ी माफ़िया के

रेत माफ़िया के।

निरसा, कुमारडुबी, टुंडी, गोविंदपुर जैसे सुदूर इलाक़ों से

आते हैं लोग झारखंड एक्सप्रेस पकड़ने

आने को दिल्ली या फिर इससे आगे

निरसा का ज़िक्र होने से

याद आती है कॉमरेड गुरुदास चटर्जी की

जो शहीद हो गए

कोयला माफ़ियाओं से लड़ते हुए

जो शहीद हो गए

मज़दूरों और कामगारों की आवाज़ बुलंद करते हुए

लेकिन आज उनकी धरती से ही विस्थापित होकर

युवा लड़के-लड़कियाँ पलायन कर रहे हैं

रोशनी की तलाश में

जिसकी कोई गारंटी नहीं देता महानगर।

गोमो आज ख़ामोश होकर देख रहा है।

विस्थापन के ज़ख़्म।

अरुण चंद्र राय
About the poet

अरुण चंद्र राय

सुपरिचित कवि। 'खिड़की से समय' और 'झारखंड एक्सप्रेस' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like