झलदा
वैसे तो नहीं है झारखंड में
लेकिन यहाँ के पहाड़, जंगल और हवाएँ
बोलती हैं झारखंड की ही भाषा
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया ज़िले में पड़ने वाले झलदा में
फ़र्क़ करना मुश्किल है कि
कहाँ है झारखंड
कहाँ है पश्चिम बंगाल!
झलदा के पास ही है
अयोध्या पहाड़
प्रसिद्ध है यहाँ बाघ के सिर जैसी
दिखने वाली छोटी
जिसे कहते हैं ‘बाघ मुंडी’
अयोध्या पहाड़ पर राजा राम नहीं आए कभी
कभी आए भी होंगे तो
लोक-कथाओं में इसका उल्लेख नहीं
फिर न जाने क्यों किसने रखा
इस पहाड़ का नाम अयोध्या
यहाँ का आसमान इतना नीला है
यहाँ के जंगलों के पत्ते इतने हरे हैं
कि यहाँ आ सकते थे दुनिया भर के पर्यटक
यहाँ के गाँवों में बन सकते थे ‘होम स्टे’
यहाँ की सड़कों पर दौड़ सकती थी
देसी-विदेशी पर्यटकों से भरी गाड़ियाँ
यहाँ के युवा रह सकते थे व्यस्त
पर्यटकों को पहाड़ दिखाने में
मिल सकता था उन्हें रोज़गार
अपने ही गाँव-देहात में
लेकिन हुआ नहीं ऐसा कुछ भी
झलदा से चढ़ता है
बेरोज़गार मज़दूरों का रेला
जंगल, ज़मीन की दुर्दशा की कहानियों के साथ








