वह जीती है क़तरा-क़तरा
कुछ बचाती है
कुछ छींट देती है बीज की तरह
हाथ जोड़ कहती है
लो उसके अभिनय से
सीख ही लिया अभिनय
चिल्लाती है हक़ीक़त
दुनिया अभिनय है…
ख़ामोश हो जाती है
अब तो लड़ाई भी ख़ामोशियों से होने लगी है…
एक अजीब ही शांति है उस तरफ़
बिस्तर की सलवटों को तह करती
वह जानती है
पिछली कई रातें
किसी और बिस्तर में पड़ी रही हैं ये सिलवटें
वह द्वंद्व में गुज़रती
जवाब ढूँढ़ती है
भोजन के बाद नैपकिन देना नहीं भूलती
चाय में कभी चीनी ज़्यादा तो कभी पानी ज़्यादा
जीवन में मात्रा लगाते-लगाते स्वाद की मात्रा भूलती-सी जा रही है वह
बड़े सलीक़े से सिरहाने पानी रख जाती है
पता है रात में अक्सर उन्हें कुछ सोचकर पसीना आ जाता है
हलक़ सूख जाता है
उसे आज भी छन-छनकर सपने आते हैं
वह सुबकती नहीं हँसती है
पागल नहीं है वह
कोने में रखे गमले को कभी पानी देती है
कभी भूल जाती है सूखने तक
वह माफ़ कर देना चाहती है
बड़ी भूलों को…
माफ़ नहीं कर पाती है
हर जगह से थक-हार कर लौटने के बाद
उसे स्वीकार कर लेती है वह
उसे फ़र्क़ नहीं पड़ता
कितनी और रातें… कितनी और सिलवटें…
कितनी और तस्वीरें… कितनी और यादें…
फ़र्क़ पड़ता है सिर्फ़ उसे उसकी ख़ामोशी कुरेदे जाने पर
शायद अब वह उसे मनुष्य नहीं
शून्य समझती है!








