युद्ध के बाद की शान्ति - अर्चना लार्क

अर्चना लार्कअर्चना लार्क7 Sept 1988

6 min read · 12.4K reads

पृथ्वी सुबक रही थी
खून के धब्बे पछीटे जा रहे थे
न्याय व्यवस्था की चाल डगमग थी  
युद्ध के बीच शान्ति  खोजते हुए   
हम घर से घाट उतार दिए गए थे
 
वह वसन्त जिसमें सपने रंगीन दिखाई दिए थे  
बचा था सिर्फ़ स्याह रंग में
खून के धब्बे मिटाए जा चुके थे
पता नहीं क्या था
जिसकी क़ीमत चुकानी पड़ रही थी  
 
चुकाना महँगा पड़ा था
हर किसी की बोली लग रही थी
हर चीज़ की क़ीमत आँक दी गई थी
हम कुछ भी चुका नहीं पा रहे थे  
 
सपने में रोज़ एक बच्चा दिखता था
जो समुद्र के किनारे औंधे मुह पड़ा था
एक बच्चा खाने को कुछ माँग रहा था
तमाम बच्चे अपनों से मिलने के लिए
मिन्नतें कर रहे थे
उसे युद्ध के बाद की शान्ति कहा जाता था
 
दो खरगोश थे उनकी आँखें फूट गईं थीं

एक नौजवान अपनी बच्ची से कह रहा था
मुझ जैसी मत बनना
मज़बूत बनना मेरी बच्ची
 
यह वह वक़्त था
जब प्रेमियों ने धोखा देना सीख लिया था
खाप पंचायतें बढ़ती जा रही थीं
 
उस दिन दूरबैठे मेरी फ़ोटोग्राफ़ी को पुरस्कार मिला था
मेरी गिरफ़्तारी सुनिश्चित हो चुकी थी
मैंने कहा यह कोई सपना नहीं
मेरे होने  की क़ीमत है, जिसे मुझे चुकाना है ।
अर्चना लार्क
About the poet

अर्चना लार्क

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like