असाध्य काल

आरती अबोधआरती अबोध

1 min read · 12.4K reads

मेरा कोई इष्ट न था,

इष्ट समतुल्य तुम बने।

मेरी भाषा में तुम्हारी अनंत प्रकृति को,

मेरे अनछुए स्पर्श,

अव्यक्त परमात्मा को अर्पित पुष्प थे,

जो भौतिकता के अभाव के कारण,

कभी सार्थक नहीं हुए।

बादलों की ओट के उस पार

तुम्हारी आँखों के फ़िरोज़ी समंदर में करवट भरते दुःख से,

धरती की देह पसीज जाया करती थी… कभी-कभार।

मगर मैं वह धरती नहीं बन पाई।

तुम्हें साधने के दौरान मैंने जाना

कि मृत्यु मुझसे भागती रही है… तमाम उम्र।

इस बार वह तुम्हारे वेश में थी।

मेरी देह के इस खंडहर में

तुम्हारी प्रतीक्षा की घंटियाँ संगीत करती रहेंगी अविरत

संगीत—जिसमें डूब सकेगा मेरा आह्वान… तुम्हारे लिए।

ये असाध्य यातना मुझे मृत्यु के निकट ले जाएगी… धीरे-धीरे—

जहाँ मरघट में लाशों का नृत्य चल रहा होगा,

जिन संग झूम उठेगा ये पाँच फीट एक इंच का जिस्म…

ओ मेरे असाध्य इष्ट!

आरती अबोध
About the poet

आरती अबोध

नई पीढ़ी की सुपरिचित कवयित्री।

View profile & all 5 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like