मैं कोई दुनियावी व्यक्ति नहीं हूँ
इसलिए प्रेम का पाश मुझे बाँध नहीं पाया।
मेरे इस संवाद पर,
देवताओं के कंधे झुक आए।
एक क्षण में प्रेम
उल्लास और उत्तेजना से
हताशा में अट गया।
लोरियाँ गाते जुगनुओं की आवाज़ मंद पड़ गई
और इंद्रधनुष को रँगती तितलियों के पंख टूटने लगे
अचानक बादलों का संतुलन बिगड़ गया
शनि की चाल धीमी हो गई और बृहस्पति पर चाँद मिटने लगे।
तभी मुझसे प्रेम करती एक तपस्विनी ने कहा :
मेरा प्रेम वासना हो रहा है तुम्हारे प्रति,
अब मुझे लौट जाना चाहिए…
उसका यह कथन मुझे शूल-सा चुभा,
मगर प्रेम, उल्लास और उत्तेजना बन धड़कने लगा मेरे भीतर कहीं।
किसी का प्रेम तुम्हें नहीं बाँधता
वरन् भेद जाता है प्रेम करते हृदय का जीवन से चले जाने का भय।
क्योंकि :
‘जाना’ आज भी हिंदी की सबसे ख़ौफ़नाक क्रिया है।*
_________
* केदारनाथ सिंह की कविता ‘जाना’ का संदर्भ।








