भ्रम

आरती अबोधआरती अबोध

1 min read · 12.4K reads

आसमान फटा तो उसके बहाव में ईश्वर अबाध गति से बहने लगा

ये कहानी मुझे मेरी छाँव में बैठ सुस्ता रहे एक पेड़ ने सुनाई थी।

(इन दिनों ईश्वर कहाँ है?)

एक चित्रकार सूरज को रोज़ाना इस आश्वासन पर अपने लहू से रँगा करता था

कि ये राज़ सिर्फ़ उन दोनों के बीच रहेगा।

(ये चित्रकार कौन था?)

आसमान की बंद पलकें रात हैं और पुतलियाँ दिन,

रात के सन्नाटे से अधिक दिन का बियाबान अखरता है।

इसलिए नींद की क्रिया के निर्वाह हेतु रात को चुना गया।

(ये निर्णायक कौन था?)

दृष्टि का विस्तार समंदर ईजाद करता है

और यदि समंदर खड़ा हो जाए तो आसमान का निर्माण होता है।

(दृष्टि क्या है?)

ऐसे ही एक रोज़ नीत्शे ने कहा : ईश्वर मर गया।

वाजिब सवाल तो यह है कि

क्या कभी वह था भी?

आरती अबोध
About the poet

आरती अबोध

नई पीढ़ी की सुपरिचित कवयित्री।

View profile & all 5 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like