पृथ्वी के पन्नों पर मधुर गीत - आरसी चौहान

आरसी चौहानआरसी चौहान

4 min read · 12.4K reads

आज पहली बार
अम्लान सूर्य
हँसता हुआ
पूरब की देहरी लाँघ रहा है

लडकियाँ हिरनियों की माफिक
कुलाँचें भर बतिया रहीं
हवाओं के साथ
पतझड़ में गिरते पत्ते
रच रहे हैं
पृथ्वी के पन्नों पर मधुर गीत
हवा के बालों में
गजरे की तरह गुँथी
उड़ती चिड़ियाँ
पंख फैलाकर नाप रहीं आकाश

समुद्र की अठखेलियों पर
पेड़ पौधे पंचायत करने जुटे हैं
गीत गाती नदी तट पर
स्कूल से लौटे बच्चे
पेड़ों पर भूजा चबाते
खेल रहे हैं ओलापाती
युवतियाँ बीनी हुई
ईंधन की लकड़ियाँ
बाँध रहीं तन्मय होकर

चरकर लौटती गायें
पोखरे का पानी
पी जाना चाहतीं
एक साँस में जी भरकर
चौपाल में ढोल-मजीरे की
एक ही थाप पर
नाच उठने वाली दिशाएँ
बाँध रही घुँघरू
थिरक थिरक

अब जबकी सोचता हूँ
कि सपने का मनोहारी दृश्य कब होगा सच।
आरसी चौहान
About the poet

आरसी चौहान

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like