बहुत कुछ... - आरसी चौहान

आरसी चौहानआरसी चौहान

4 min read · 12.4K reads

सुना है
हवा को दमें की बीमारी लग गई है
चारपाई पर पड़ी
कराह रही है
औद्योगिक अस्पताल में

कुछ दिन पहले
कई तारे एड्स से मारे गए
अपना सूर्य भी
उसकी परिधि से बाहर नहीं है
अपने चाँद को कैंसर हो गया है
उसकी मौत के
गिने चुने दिन ही बचे है
आकाश को
कभी-कभी पागलपन का
दौरा पड़ने लगा है
पहाड़ों को लकवा मार गया है
खड़े होने के प्रयास में
वह ढह-ढिमला रहे हैं

यदा कदा
नदि़याँ रक्तताल्पता की
गम्भीर बीमारी से जूझ रहे हैं
इन नदियों के बच्चे
सूखाग्रस्त इलाकों में
दम तोड़ रहे हैं

पेड़ की टाँगो पर
आदमी की नाचती कुल्हाड़ियाँ
बयान कर रही हैं
बहुत कुछ।
आरसी चौहान
About the poet

आरसी चौहान

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like