भय-प्रवाह

आर. चेतनक्रांतिआर. चेतनक्रांति

2 min read · 12.4K reads

 

एक

लीजिए हम डर गए
लीजिए हम मर गए
आप ही यहाँ रहें
आप ही अपनी कहें
आपकी सरकार है
आपकी ब्योपार है
हम अगर लड़ें भी तो
सामने पड़ें भी तो
आप कर देंगे फ़ना
आपका भुजबल घना
आपकी जाँघों में दम
आपकी आँखों में यम
आप चल दें जिस तरफ़ 
हो जाए परलय उस तरफ़ 
सुर असुर सब आप जी 
सींग-खुर सब आप जी
आपको संशय नहीं
आपको कुछ भय नहीं
आपसे सीता डरे
मंदोदरी छिपती फिरे
आप पंडित आप जज
आपका ऊँचा ध्वज।

दो

लीजिए हम बैठ जाते हैं उधर, अब आप चलिए
ठीक है, इतना ज़रूरी है तो पहले राख मलिए
अब उठें, उठकर कहें, जो मन में हैं खुलकर कहें
तोड़ देंगे? फोड़ देंगे? ठीक कुछ बेहतर कहें

हर सड़क का नाम स्वदेशी? जी साहिब कर दिया
हर तरफ़ हुक्काम स्वदेशी? जी मालिक कर दिया
औरतें साड़ी में निकलें? ओत्तेरी, जी भेज दीं
साथ में सिंदूर की डिबियाएँ भी? जी भेज दीं
लिखने-पढ़ने-सोचने वाले भी साहिब जा चुके
मीर, ख़ुसरो, जोश, मंटो और ग़ालिब? जा चुके
ज्ञान के भूखों को भी संतुष्ट हमने कर दिया
वेद सबके सामने एक-एक कॉपी धर दिया

कर दिया जी, कर कर दिया इतिहास भी सब ठीक-ठाक 
बालकों के मुँह पर चिपका दी है इक-इक गज़ की नाक

औरतें तो जी लगी हैं रात-दिन जचगी पे ही 
दफ़्तरों में कारख़ानों में हैं केवल मर्द जी
यौन-यौवन लग गए हैं संतति-निर्माण में
सब प्राकिरतिक विधि से हैं जुटे अभियान में
समलैंगिक? जी सब हवालातों में कसरत कर रहे
सब सही कर देगी सर अपनी पुलिस, अमर रहे
परकटी वे औरतें भी हैं वहीं पर सब जनाब
हो गए सारे सिपाही वक़्त के पाबंद साब

तीन

और कहिए, 
क्या करें
क्या जल मरें?

जिनके हृदय में ताप है, वे सब?
जिनके लिए दिल भी दुखाना पाप है, वे सब?
मस्तिष्क जिनका है विकल, वे सब?
जो चाहते हैं और उजले आज-कल, वे सब?
जो सोचते हैं हर गली पहुँचे धरा के छोर तक, वे भी?
जिनके लिए भाई-बहन हैं शेर-बिल्ली-मोर तक, वे भी?
जो चाहते हैं हाथ हर ख़ुद उठ के पहुँच कौर तक, वे भी?
जो एक रोटी शाम को खा कुलबुलाएँ भोर तक, वे भी?

जिनके लिए हर रंग है इंसान का ही रंग!—जी अच्छा!
जो औरतों पर मर्द के ज़ुल्मों से होते दंग!—जी अच्छा!
जो मर्द होकर भी नहीं करते कभी हुड़दंग!—जी अच्छा!
पतलून जिनकी चुस्त, औ’ कुरते की बाज़ू तंग!—जी अच्छा!

जी अच्छा, कि जी साहिब, कि जी मालिक
ये सारे आ गए 
आइए अब

लाइए सब फ़ौज-फाटा 
तीर-तश्कर 
गोलियाँ-बारूद-गोले
जो भी है
जो आप चाहें
जिस तरह भी आपका मन हो,

लात से, घूँसे से, लाठी से कि डंडे से
जूते से या झंडे से
लगे जो आपको बेहतर
उठाकर मारिए 
जी, जिस तरह चाहें जहाँ चाहें
अदालत में या संसद में
सड़क पर या कि घर में

हमें अब कुछ नहीं कहना
कि हम जी डर गए 
और लीजिए...
ये मर गए।

आर. चेतनक्रांति
About the poet

आर. चेतनक्रांति

View profile & all 22 Poems / Stories

More from आर. चेतनक्रांति

  1. शोकनाच - आर. चेतनक्रांति

    इतनी हुनरमंद होती है ये औरतेंकि भरने को तो भर सकती हैं

    12.4K reads
  2. पैसे के बारे में एक महत्त्वाकांक्षी कविता के लिए नोट्स - आर. चेतनक्रांति

    मैं पैसे नहीं कमाताजब बहुत खुश होता हूँ, तब भी

    12.4K reads
  3. परदे के पीछे शायद कोई आंख हो - आर. चेतनक्रांति

    उससे कहा गया कि सबसे पहले तुम्हें खुद को बचाना है उसके बाद दुनिया कोअगर समय रहा तो , पूरी ट्रेनिंग का सार बस यही था

    12.4K reads
  4. बच्ची और एक बूढ़ा पेड़ - आर. चेतनक्रांति

    एक पानी की पुडि़या मिली है / माथे पर बांधे फिरता हूँ / बूंद-बूंद टपकती है / कभी आँख से / कभी रूह परशुभा के लिये

    12.4K reads
  5. तुम्हारा क्या नहीं है, सिवा राम के - आर. चेतनक्रांति

    ओ लंका के धर्म रक्षको !सारे मृत्यु मंत्र

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like