एक स्त्री का बेफ़िक्र हो जाना

अंशू कुमारअंशू कुमार21 May 1990

1 min read · 12.4K reads

आसान नहीं है एक स्त्री का

बेफ़िक्र हो जाना

क्योंकि उसके बेफ़िक्र हो जाने से

उबलकर गिर जाता है दूध रसोई में

बेफ़िक्री, आलस, आदत ये सब

तुम्हारे हिस्से रखा गया है

चयन, विकल्प और पसंद

तुम्हारे स्वभाव के परिचायक माने गए

बहस, कूटनीति और राजनीति

तुम्हारे मज़बूत हिस्से में रखा गया

फिर बचा क्या

बँटवारे में इतनी गड़बड़ी क्यों?

आख़िर बँटवारा हुआ क्यों?

मुझे पहले पहल बँटवारे से डर लगता,

अपनों को खोने से डर लगता,

युद्ध भला किसे पसंद है,

लेकिन हमारी पसंद का करना क्या है

बात जब समझ आई तो लगा

अभी तो युगों का युद्ध बाक़ी है

हिसाब-किताब बाक़ी है

ज़िंदगी जीना बाक़ी है

मेरा तुम्हारा एक होना बाक़ी है!

अंशू कुमार
About the poet

अंशू कुमार

नई पीढ़ी की कवयित्री। पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। मूल नाम : अंशू कुमार जन्म : 21/05/1990 | बेगूसराय, बिहार

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like