सुनो

अंशू कुमारअंशू कुमार21 May 1990

1 min read · 12.4K reads

मै चाहती हूँ :

तुम मुझे सुनो

और क़ायदे से सुनो

जैसे दिन भर

भूखे रहने के बाद

सुनी जाती है ईद की अज़ान

जैसे प्लेटफ़ॉर्म पर

लंबे इंतज़ार के बाद

सुनी जाती है ट्रेनों की अनाउंसमेंट

और जैसे अस्पतालों में

सुने जाते हैं अपने नाम के नंबर

ठीक उतने ही ध्यान से मुझे सुनो

और मैं तुम्हे बता दूँ

मेरी भाषा और अनुभव

दोनो थोड़े कच्चे हैं

खिड़कियों से मैंने चाँद

और पुरुषों के हाथ पकड़

बाज़ार देखे हैं

विद्यालय में पाक शास्त्र में नंबर मिला

रिश्तेदारों ने कढ़ाई-बुनाई देख

मुझे ब्याह-योग्य समझा गया

प्रेमी ने कोमलता, समर्पण और लज्जा

पर अपना दिल दे दिया

घरों में सबके लिए जीना

ख़ुद को खोकर कहीं

सर्वोत्तम गुण माना गया

इस बड़ी रंग-बिरंगी दुनिया को

मैंने छोटी बालकनी से देखा!

और इसलिए मेरी भाषा कमज़ोर है

अधिकतर मैं स्त्रीलिंग भाषा इस्तेमाल करती हूँ

मुझे परिचित-सा लगता है

पुल्लिंग शब्द से मेरा राब्ता कम रहा

इसलिए वह बेहद कड़वा, कठिन

और अलग-सा लगता है,

अब अगर ऐसे में

मैं तुम्हे कहूँ, सुनो,

तो क्या तुम मुझे सुनोगे,

मेरे पूर्ण भाव को कमज़ोर भाषा में!

मेरे संपूर्ण अनुभव को अपनत्व से...

अंशू कुमार
About the poet

अंशू कुमार

नई पीढ़ी की कवयित्री। पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। मूल नाम : अंशू कुमार जन्म : 21/05/1990 | बेगूसराय, बिहार

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like