स्वाभिमानिनी - अंजना संधीर

Anjana Sandhirअंजना संधीर1 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

 
स्वाभिमानिनी
उसने कहा
द्रौपदी शरीर से स्त्री
लेकिन मन से पुरूष है
इसीलिए पाँच-पाँच पुरुषों के साथ
निष्ठापूर्ण निर्वाह किया।

नरसंहार में भी विचलित नहीं हुई
ख़ून से सींचकर अपने बाल
तृप्ति पाई
फ़िर भूल गई इस राक्षसी अत्याचार को भी
क्या सचमुच?

मन से पुरुष स्त्रियों का यही हाल होता है
हर जगह अपमानित होना होता है
हमेशा निशाना बनना होता है।
मन से स्त्री बने पुरुष को भी

क्यों नहीं स्वीकारते सब?
सत्य ये है कि पुरुष और प्रकृति का भेद स्वीकार्य है
पुरुष समान स्त्री आकर्षित करती है
अच्छी लगती है लेकिन स्वीकार्य नहीं
क्योंकि आदमी का बौनापन जाहिर हो जाता है
मजबूत स्वाभिमानिनी स्त्री के सामने।

इसीलिए...
पहले उसका स्वाभिमान तोड़ा जाता है
फ़िर स्त्रीत्व... फ़िर कुछ और...
स्वाभिमानिनी, कौन सहेगा तुम्हारा स्वाभिमान !
Anjana Sandhir
About the poet

Anjana Sandhir अंजना संधीर

जन्म :1 सितंबर 1960, रुड़की (उत्‍तराखंड) भाषा : हिंदी विधाएँ : कविता कविता संग्रह : तुम मेरे पापा जैसे नहीं हो, धूप छाँव और आँगन, बारिशों का मौसम सम्मान : गुजरात उर्दू साहित्य अकादमी पुरस्कार, गुजरात हिन्दी साहित्य अकादमी पुरस्कार, तुलसी सम्मान, अदिति साहित्य…

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like