हमने जंगलों को बचाने का संकल्प लिया
और जंगल तक पहुँचने के लिए लाखों पेड़ कटवाए
हमने नदियों को बचाने का संकल्प लिया
और उस पर असंख्य बाँध बनाए
हमने पहाड़ों को बचाने का संकल्प लिया
और आदिवासियों को उनकी ज़मीन से हाँक ले आए
हमने पृथ्वी को बचाने का संकल्प लिया
और जानलेवा हथियार तैयार करवाए
हमने नागरिकों की सुरक्षा के लिए क़ानून तैयार किए
और उनसे कहा
कि अब वे अपनी नागरिकता साबित करके दिखलाएँ
सुरक्षा इन दिनों
कितनी असुरक्षित हो गई है।








