बंदर
सलाख़ों पर अपने दोनों गाल टिकाए
देख रहा है पिंजरे से बाहर
उसकी उदास आँखें
खो गई हैं इस समय
न जाने किस शून्य में
नहीं देख रहा वह
अपनी ओर देखते चेहरों को
नहीं सुनाई दे रहा उसे
हाथ हिलाते बच्चों का शोर
बंदर
पिंजरे में नहीं है इस समय
पिंजरा बंदर में उतर गया है
अचानक
बहुत भीतर तक








