खनखनाती रहीं काँच की चूड़ियाँ - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

5 min read · 12.4K reads

खनखनाती रहीं काँच की चूड़ियाँ
गीत गाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

बच्चियों की कलाई में जा के बहुत
खिलखिलाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

जब भी मनिहार ने है सजायी दुकाँ
सबको भाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

जब किसी ने सरे बज़्म देखा नहीं
कसमसाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

गीत साजन की यादों के तन्हाई में
गुनगुनाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

प्यार की बात पर, प्यार की सेज पर
जाँ लुटाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

और तो कुछ न बोलीं मेरी बात पर
बस लजाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

चौथ की रात में चाँद के साथ में
जगमगाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

उल्फ़तों में कभी और कभी जंग में
दम दिखाती रहीं काँच की चूड़ियाँ

देख परदेस में इंद्रधनु की छटा
याद आती रहीं काँच की चूड़ियाँ

हमने आलोक मेहँदी की तारीफ़ की
मुस्कुराती रहीं काँच की चूड़ियाँ

जनवरी 2014
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like