अब कहाँ खो गईं वो सभी चिट्ठियाँ - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

6 min read · 12.4K reads

अब कहाँ खो गयीं वो सभी चिट्ठियाँ
ख़ुशबुओं में नहायी सजी चिट्ठियाँ

अब चलन में नहीं प्यार की चिट्ठियाँ
लोग लिखते हैं बस काम की चिट्ठियाँ

वो कहाँ तक छुपाता बहा दीं सभी
जान से थीं जो प्यारी तेरी चिट्ठियाँ

उसके छूने से जो हो गयीं मख़मली
भेज दे काश वो फिर वही चिट्ठियाँ

अक्स उभरता था जिनमे तेरे रूप का
कुछ सलोनी तो कुछ साँवली चिट्ठियाँ

खुश्बुएं थीं, नज़ाकत थी, अंदाज़ थे
याद आयीं मुझे नरगिसी चिट्ठियाँ

रात भर ओस ने पाँखुरी पाँखुरी
लिख के भेजीं मुझे शबनमी चिट्ठियाँ

गोपियों ने सुनी राधिका ने पढ़ीं
श्याम की बाँसुरी ने लिखी चिट्ठियाँ

गोपियों का न विश्वास देखो डिगे
लेके ऊधौ चले ज्ञान की चिट्ठियाँ

एक बेवा के अश्कों से लिक्खी हुई
दफ़्तरों दफ़्तरों घूमती चिट्ठियाँ

दिल के औराक़ पर मैं जो लिखता रहा
किसको भेजूँ मैं वो दर्द की चिट्ठियाँ

उसकी बेटी जो पढ़ने गयी हॉस्टल
माँ ने भेजीं नसीहत भरी चिट्ठियाँ

सूनी आँखों में मंज़र जगाती हुई
सोयी रातों में कुछ जागती चिट्ठियाँ

सोचता हूँ ये आलोक बैठा हुआ
ये ग़ज़ल है मेरी या मेरी चिट्ठियाँ

दिसम्बर 2014

औराक़ - पृष्ठ/ पन्ना
प्रकाशित- अमर उजाला (समाचार पत्र) शब्दिता दिनाँक – 12.04.2015
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like