मैंने नाविक से कहा
'ले चल वहाँ मुझे भुलावा देकर'
युग से कहा
'ओ मेरे युग,
ले चल मुझे अपने साथ'
काल से कहा
'तुझमें अपराजित मैं वास करूँ'
एक पराजित भाषा की
सँकरी होती ज़मीन पर खड़े
मैंने दुख को ललकारा
एक विरासत गिरती जाती थी
खंडहर होकर चारों ओर
एक मजमा जुटा था
कुछ कलावंतों का
सब ख़ुश थे अपने में ही
जो दुखी थे
उनके दुख का कारण
उनसे शुरू होकर
उन तक ही ख़त्म होता था।
और ठीक वहीं से
शुरू होता था एक बाज़ार
यह एक कौम के विषाद की गोधूलि थी
जिसमें एक हारी हुई भाषा के
कुछ गद्गद्, कुछ दुखी
लेखक, कवि, कलावंत
जनपद से लेकर राजधानी तक
करते थे सत्ता से
बारीक संलाप।








