एक क़स्बे के स्कूल मास्टर की डायरी का एक पन्ना

आलोक श्रीवास्तवआलोक श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

मैंने गढ़े थे साँचे वे

टूटती दीवारों वाली इस

पाठशाला के अपने अकेलेपन में

मैंने सपने बाँटे थे

बाँटता है जैसे सांताक्लाज

खिलौने!

कहा था मैंने उनसे

ऊँचे मानवीय आदर्शों की बाबत

सुनाई थी कितनी कहानियाँ

महापुरुषों के प्रेरक-प्रसंग कितने!

एक लालटेन के सौरमंडल में

नामालूम उपग्रह-सी

वृत्ताकार काटती रही चक्कर

मेरी दिनचर्या!

जीवन भर घिसे बोर्ड पर लिखता रहा मैं

दुनिया की महान सूक्तियाँ

इतिहास के पन्नों में

निर्धारित करता रहा मैं भूमिकाएँ

कहता रहा उनसे

तुममें से ही कोई लिंकन, कोई गांधी...

वो तो बहुत दिन बाद जाना मैंने

ताउम्र

शहर की मशीनों के लिए

दास बनाता रहा मैं

जीवन भर घिसे बोर्ड पर

लिखता रहा मैं

दुनिया की महान सूक्तियाँ!

आलोक श्रीवास्तव
About the poet

आलोक श्रीवास्तव

सुपरिचित कवि-लेखक और संपादक। दस से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। जन्म : 15/08/1968 | मेरठ, उत्तर प्रदेश आलोक श्रीवास्तव (जन्म : 15 अगस्त 1968) का बचपन उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों-क़स्बों में गुज़रा। उन्होंने पहले सात साल ‘धर्मयुग’ में बतौर उपसंपादक क…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like