यह युग

आलोक श्रीवास्तवआलोक श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

यह एक ऐसा युग है

जिसकी पूर्वकल्पना के वृत्तांत

किसी पुराग्रंथ में न थे

जिसका साक्ष्य किसी आप्त-वाक्य में न था

विवेक के ख़ामोश हो जाने

साहस के टूटने के ब्योरों से भरा यह समय

दरअसल उतना बुरा न था

बात सिर्फ़ इतनी थी कि

वह क़ुर्बानी माँग रहा था

क़ीमत चाहता था

और हम छोटी-छोटी चालाकियों से

ज़िंदगी के मसलों के हल खोज रहे थे

पर सरोकार हमारा क्रांति से था

यह इतिहास की विडंबना का युग था

हमने आँखें बचाईं

रास्तों से कतराए

अपने ही विचारों के ख़िलाफ़

समूचा एक जीवन जिया

और समय को कोसते रहे

न जाने किन अदृश्य शक्तियों के ख़िलाफ़

हमारा अमूर्त ग़ुस्सा था

जबकि दुश्मन हर बार

हमारी बग़ल में था

हर बार हमारी पहुँच में

हमारे निशाने पर

मगर बात सिर्फ़ इतनी थी कि

हम समूचा एक युद्ध जीतना चाहते थे

बग़ैर लड़े!

आलोक श्रीवास्तव
About the poet

आलोक श्रीवास्तव

सुपरिचित कवि-लेखक और संपादक। दस से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। जन्म : 15/08/1968 | मेरठ, उत्तर प्रदेश आलोक श्रीवास्तव (जन्म : 15 अगस्त 1968) का बचपन उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों-क़स्बों में गुज़रा। उन्होंने पहले सात साल ‘धर्मयुग’ में बतौर उपसंपादक क…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like