फिर से गाना होगा गीत
ऊँचे पर्वतों, चौड़े दरियाओं
क़द्दावर दरख़्तों
बीहड़ वन-प्रदेशों और मीलों फैले
बियाबानों का
पुनर्जीवित करना होगा
ज़िंदगी में, भाषा में प्यार
पीछे छूट गया है एक युग
रास्ते में ही कहीं रह गए हैं
हमारे स्वप्न
हमारे आसमान का तारा
पीछे किसी मरुभूमि की रेत पर चमक रहा है
सुदूर एक और ही युग है
जिस वर्तमान में हम आज खड़े हैं
वहाँ दुख का अकेलापन है
प्यार नहीं है, सपने नहीं हैं
मक्कारी और चालाकियों के बीच
कुछ बड़ी चीज़ों को
कुछ सादी भावनाओं को
याद करने का वक़्त है यह
हारकर बैठ जाने का नहीं
प्यार को विरह की आग से
जगाने की बेला है यह!








