कौवों ने सारा
तंदुल चुग लिया है
मटके के तली तक का पानी
हथिया लिया है पत्थरबाज़ी करके!
चिड़ियों ने निराशा में
घोंसलों से निकलना छोड़ दिया है
खोहों के मुँहाने पर
तिनके की ओट डाल पर्दादारी की प्रथा
ज़ोर पकड़ रही है!
आकाश को चीलों का बताया जा रहा है
और उनके लिए नियत है उतना ही आकाश
जितना दो पत्तियों के बीच
दरख़्त की एक शाख़ से दिखता है!
नई बात यह है कि
काँव-काँव को
जंगल ने अपना राष्ट्रीय गीत मान लिया है
कोयल की कूक को माना गया है
एक डायन की आवाज़!
और अब दरख़्तों की कहानी सुनिए
एक गौरैया की गर्दन
अपनी ही शाख़ की
एक धारदार पत्ती ने रेत दी है!








