विदा

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

जहाँ जीवन सतह पर नहीं है

दबा हुआ है आवरण के नीचे

वहाँ ज़्यादा निश्चिंतता है

जब पहाड़ विदा करते हैं :

कल-कल करती नदी

तो नदियाँ रोती-पीटती लौट आई हों

ऐसा कभी नहीं हुआ

पिता पहाड़ नहीं होते

पर चाहते हैं कि

बेटियाँ नदी हो जाएँ

कल-कल बहें

गर चिरई भी हो जाएँ

तो भी चहचहाते हुए लौटें

पंखों में बिना कोई घाव लिए हुए

घर बेटियों के जाने से उतना नहीं डरता

जितना उनके अकेले लौट आने से डरता है

पर वे लौटती हैं जब चोंच में तिनका दबाए हुए

तो उसी एक तिनके के भार से भरभरा कर ढहने लगता है घर

बेटियाँ विदा हो जाती हैं

उनके विदा करने के सपने और बड़े होकर लौटते हैं

रंग बदलकर खटखटाते हैं दरवाज़ा

हकबका कर उठ बैठता हूँ

पर सपने की ढिठाई देखो

इतना बुरा है कि जगने पर भी टूट नहीं रहा।

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like