सारे पत्ते
पीले पड़ रहे है
जैसे रंग उड़ जाता है पैरहन का
पुराने हो जाने पर
सबसे पहले
ऊँचे पेड़ों की फुनगियाँ
गिराती है धरा
जैसे स्त्री ने हटाया हो माथे का टीका
धीरे-धीरे एक-एक पर्ण गिरा रही है
नग्न हो रही है धरती
ठंड से जीर्ण पड़ चुके सूर्य
उत्तेजना में फिर गर्म हो रहे हैं
मलय पवन की सरसराहट संकेत है
सूर्य ने एक साथ करोड़ों रश्मियाँ
धरती पर उड़ेल दी हैं
वसंत सूर्य का स्खलन है
यह सृजन का समय है
सृजन हेतु पैरहन का न होना ज़रूरी है
ईश्वर नंगा है।








