शिकारी

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

न तो शिकारी गुम हुए

न रक्तपान की इच्छा

तीर-तलवार-तरकश सब जस के तस हैं

अभी भी छाती तलाश ली जाती है

भाले की नोक परखने के लिए

घुप्प चुप्पा लोग भी ग़ज़ब वाचाल हो उठते हैं

अँधेरे कमरे में व्यूह रचना के समय

ये जो परम हितैषी दिख रहे हैं

चल रहे हैं छड़ी थामे हुए

संहार का मौक़ा पाते ही इसे

कुल्हाड़ी की मूठ में बदल देंगे

जो शामिल नहीं हैं तुम्हारी हत्या में

वे भी निहत्थे नहीं हैं

उन पर तारी है एक मुस्कान

जो छुपाए नहीं छुप रही

तुम्हारी चीख़ के पीछे

अट्टहासों का हुजूम चल रहा है

अगर बचे रहे तो भूल जाना

वार करने वालों को

हथियार, षड्यंत्र, मुख़बिर, मोहरा सब पर

कुटिल मुस्कानों को याद रखना

वे इंकार करेंगे पर तुम पकड़े रहना

उन मुस्कानों की तासीर

वह समय और

तुम्हारे गिरने पर उनके खुलकर हँसने की ललक

तुम भेड़ियों की लार याद रखना।

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like