बंधक सुबहें - अजय पाठक

Ajay Pathakअजय पाठक14 Jan 1960

4 min read · 12.4K reads

बंधक सुबहें
गिरवी अपनी
साँझ दुपहरी है ।

बड़ी देर तक रात व्यथा से
कर सोये संवाद,
रोटी की चिंता ने छीना
प्रातः का अवसाद,
भूख मीत है जिससे
अपनी छनती गहरी है ।

रक़म सैकड़ा लिया कभी था
की उसकी भरपाई,
सात महीने किया मज़ूरी
तब जाकर हो पाई,
कुछ बोलें तो अपने हिस्से
कोर्ट कचहरी है ।

टूटी मड़ई जिसको अपना
घर कह लेते हैं,
किसी तरह कुछ ओढ़-बिछाकर
हम रह लेते हैं,
जीवन जैसे टूटी-फूटी
एक मसहरी है ।

मालिक लोगों के कहने पर
देते रहे अँगूठा,
वक़्त पड़ा तो हम ही साबित
हो जाते हैं झूठा,
निरर्थक है फ़रियाद
व्यवस्था अंधी-बहरी है ।
Ajay Pathak
About the poet

Ajay Pathak अजय पाठक

जन्म- 14 जनवरी 1960, बलिया (उ.प्र.) शिक्षा- विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार विषयों में स्नातक। प्राणी शास्त्र, भारतीय मध्यकालीन इतिहास, हिंदी साहित्य, समाज शास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विषयों में स्नातकोत्तर। मुग़ल कालीन भारत की शिक्षा प्रणाली,…

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like