गाँव - अजय पाठक

Ajay Pathakअजय पाठक14 Jan 1960

3 min read · 12.4K reads

पगडंडी पर छाँवों जैसा कुछ भी नही दिखा,
गाँवों में अब गाँवों जैसा कुछ भी नहीं दिखा।

कथनी सबकी कड़वी-कड़वी, करनी टेढ़ी-टेढ़ी,
बरकत और दुआओं जैसा कुछ भी नहीं दिखा।

बिछुआ, पैरी, लाल महावर, रुनझुन करती पायल,
गोरे-गोरे पाँवों जैसा कुछ भी नहीं दिखा।

राधा, मुनिया, धनिया, सीता जींस पहनती है,
उनमें शोख अदायों जैसा कुछ भी नहीं दिखा।

बरगद, इमली, महुआ, पीपल, शीशम लुप्त हुए,
शीतल मंद हवाओं जैसा कुछ भी नहीं दिखा।

पंचायत में राजनीति की गहरी पैठ हुई,
तब से ग्राम-सभाओं जैसा कुछ भी नहीं दिखा।
Ajay Pathak
About the poet

Ajay Pathak अजय पाठक

जन्म- 14 जनवरी 1960, बलिया (उ.प्र.) शिक्षा- विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार विषयों में स्नातक। प्राणी शास्त्र, भारतीय मध्यकालीन इतिहास, हिंदी साहित्य, समाज शास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विषयों में स्नातकोत्तर। मुग़ल कालीन भारत की शिक्षा प्रणाली,…

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like