थार

अहर्निश सागरअहर्निश सागर

1 min read · 12.4K reads

थार के पेड़ों में अधिक करुणा होती हैं

हो सकता है कि वह धरती के भीतर

पानी के संघर्ष से पैदा हुई हो।

जब थार में किसी एक पेड़ की पत्तियाँ झर जाती हैं

तो पड़ोस का पेड़ भी अपनी पत्तियाँ झरा देता हैं

और इस तरह पड़ोस दर पड़ोस पत्तियाँ झरती जाती हैं।

एक पेड़ का दुःख इतने हिस्सों में बाँट लिया जाता हैं

कि एक पेड़ का पतझड़ सामूहिक दुःख बन जाता हैं

और दुःख पतझड़ का उत्सव।

अहर्निश सागर
About the poet

अहर्निश सागर

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like