घिसते घिसते पाँव में ज़ंजीर आधी रह गई

आग़ा हज्जू शरफ़आग़ा हज्जू शरफ़

1 min read · 12.4K reads

घिसते घिसते पाँव में ज़ंजीर आधी रह गई

आधी छुटने की हुई तदबीर आधी रह गई

नीम बिस्मिल हो के मैं तड़पा तो वो कहने लगे

चूक तुझ से हो गई ताज़ीर आधी रह गई

शाम से थी आमद आमद निस्फ़ शब को आए वो

यावरी कर के मिरी तक़दीर आधी रह गई

निस्फ़ शहर उस गेसू-ए-मुश्कीं ने दिल-बस्ता किया

ख़ुसरव-ए-तातार की तौक़ीर आधी रह गई

चौदहवीं शब ना-मुबारक माह-ए-कामिल को हुई

निस्फ़ मंसब हो गया जागीर आधी रह गई

तेज़ कब तक होगी कब तक बाढ़ रक्खी जाएगी

अब तो ऐ क़ातिल तिरी शमशीर आधी रह गई

आधे धड़ का दम निकलता था कि आया ख़त्त-ए-शौक़

पढ़ते पढ़ते मर गए तहरीर आधी रह गई

रंग फिरने भी न पाया था कि ख़ुद-रफ़्ता हुआ

बन के 'मानी' से तिरी तस्वीर आधी रह गई

निस्फ़ शब तक दी तसल्ली फिर वो यूसुफ़ उठ गया

ख़्वाब-ए-हसरत की मिरी ताबीर आधी रह गई

ख़ुद कहा क़ातिल से मैं ने फिर दोबारा ज़ब्ह कर

कट के जब गर्दन दम-ए-तकबीर आधी रह गई

दोपहर रात आ चुकी जब गुफ़्तुगू की इश्क़ की

यार से आधी हुई तक़रीर आधी रह गई

इम्तिहान में कुंदनी रंग उन का दूना हो गया

उड़ते उड़ते सुर्ख़ी-ए-इक्सीर आधी रह गई

ऐ परी-रू जल्द ज़िंदाँ में 'शरफ़' की ले ख़बर

टुकड़े कर के फेंक दी ज़ंजीर आधी रह गई

आग़ा हज्जू शरफ़
About the poet

आग़ा हज्जू शरफ़

उपनाम : 'हज्जू' मूल नाम : सय्यद जलालुद्दीन हैदर खान' जन्म : लखनऊ, उत्तर प्रदेश शरफ़, सयादत हसन सय्यद जलालुद्दीन हैदर ख़ाँ, आग़ा हज्जू (1812-1887)लखनऊ में पैदाइश। ख़्वाजा हैदर अ’ली के लाइ’क़ शागिर्द थे। नवाब वाजिद अ’ली शाह से रिश्तेदारी थी। 1857 की जंग-ए-आज़ादी के ब…

View profile & all 43 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like