मैं अक्सर ढूँढ़ता हूँ तुम्हारा चेहरा अपनी स्मृति के गह्वर में
जहाँ पर कुछ आड़ी-टेढ़ी लकीरें दिखाई देती हैं
कुछ अस्पष्ट-से वाक्य सुनाई देते हैं
तुम्हारी आवाज़ : जैसे कहीं कुछ खनक रहा है
सुनाई नहीं देती तुम्हारी आवाज़
तुम्हारी आवाज़ सुनाई देने की ध्वनि सुनाई देती है
दिखाई देता है तुम्हारा रेखाचित्र
बहुत बार मैंने कोशिश की कि तुम्हारे रेखाचित्र को छू कर ज़िंदा कर दूँ!








