मनुष्यता की होड़

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

ग्रीष्म से आकुल सबसे ज़्यादा

मनुष्य ही रहा

ताप न झेला गया तो

पहले छाँव तलाशी

फिर पूरे जड़ से ही छाँव उखाड़ ली

विटप मौन में

अपनी हत्या के

मूक साक्षी बने रहे

शीत से व्यग्र सबसे ज़्यादा

मनुष्य ही रहा

ठिठुरन पीड़ापूर्ण लगी तो

पहले आग खोजी

फिर पूरी तत्परता से सब जलाकर ताप गया

जिन पशुओं के आलिंगन में रात बिताई

सुबह उनकी ही खाल उधेड़कर ओढ़ने लगा

चौमास से उद्विग्न सबसे ज़्यादा

मनुष्य ही रहा

जिन वृष्टियों पर नियंत्रण नहीं रहा

उन्हें नकार दिया

बाँध बनाए और धारें मोड़ीं

गड्ढे खोदकर उनमें सीमेंट भरने वाला भी

मनुष्य ही रहा

और

मनुष्यता के चीथड़े उड़ाने वाला भी

मनुष्य ही

मनुष्य ने मनुष्य बनना ही सीखा

न कभी पेड़ बन पाया

न नदी

न मौसम

न पशु।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like