पितृ-स्मृति

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

तुम आओगे—

मैं जानता हूँ

या तो प्रश्नवाचक चिह्नों से पहले

या फिर विस्मयादिबोधक चिह्नों के पार

सकल रूप धर न भी आओ

सरसराती हुई हवा या खड़कते पत्तों की-सी दबी आवाज़ में

दूर आकाश में देर रात उड़ते किसी वायुयान के गुज़रने की आहट में

भात के फदकने के रव में

या जब-जब कोई पुराना स्कूटर

गर्र-गर्र करता हुआ निकलेगा पास से

तुम आओगे थोड़ा-थोड़ा इन सबमें

तुम्हारे न होने के सारे प्रतिमान भंग कर दिए हैं मैंने

तुम आओगे तो जान पाओगे

अनुपस्थितियाँ सबसे ज़्यादा चीखती हैं आस-पास

दूरियों के भूगोल में तुम तक पहुँचने का रास्ता जीवन भर ढूँढ़ना है मुझे

कोई पथ मिले न मिले

दुनिया का तिलिस्म भले घिरता जाए

वयस की नाट्यशाला में

प्रतीक्षा का मोतियाबिंद छीन ले दृष्टि मेरी

तुम आओगे—

मैं जानता हूँ

पिता?

आह! पिता!

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories