आदमी का गाँव

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

2 min read · 12.4K reads

हर आदमी के अंदर एक गाँव होता है

जो शहर नहीं होना चाहता

बाहर का भागता हुआ शहर

अंदर के गाँव को बेढंगी से छूता रहता है

जैसे उसने कभी गाँव देखा ही नहीं

शहर हो चुका आदमी

गाँव को कभी भूलता नहीं है

बस किसी से कह नहीं पाता कि

उसका गाँव बहुत दूर होता चला गया है उससे

उसकी साँसों पर अब गाँव की धूल नहीं

शहरी कारख़ानों का धुआँ ससरता है

उसके कानों में अब मवेशियों के गले की घंटियाँ नहीं

तिगड़म भरी गाड़ियों की आवारा चिल्ल-पौं रेंगती है

हर आदमी जिसका गाँव शहर हो चुका है

उसका गाँव बौना होता चला जाएगा

अपने बाटों को मिटाते हुए

अहातों में किवाड़ें लगाते हुए

चौक पर पहरेदार बिठाते हुए

शहर को चिढ़ लगी रहती है कि

गाँव रुका हुआ है

वह बार-बार जाकर उसको टोकता है

खँगालता है खोदता है

उसके रुके हुए पर अफ़सोस प्रकट करता है

अपना बुशर्ट झाड़ता है

आँखों पर एक काला पर्दा चढ़ाता है

और दुरदुराते हुए निकल जाता है

हर आदमी जो गाँव लिए शहर होने चला आया है

वह नहीं जानता

शहरी तौर-तरीक़ों की ऊटपटाँग भाषा

और आवाज़ों की उलझनें

कि यहाँ कम बोलना होता है

कम खाना होता है

कम ओढ़ना होता है

कम सोना होता है

धीरे बोलनी होती है अपनी गँवई बोली

धीरे-धीरे खिसकानी होती है थाली

धीरे फटकनी होती है चादर

धीरे से माँगनी होती है नींद

ज़्यादा करनी होती है चापलूसी

ज़्यादा देना होता है धक्का भीड़ को

ज़्यादा बरतनी होती है औपचारिकता

ज़्यादा बघारनी होती है शेखी

ज़्यादा बजाने होते हैं गाल

ज़्यादा ख़र्च करनी होती है जीविका

हर आदमी जिसका गाँव किराए पर

बिताता है जीवन शहर में

एक सपना किस्तों में देखता है कि

किस्तें बरामद कर ढूँढ़ लेगा

गाँव तक जाने वाली सड़क

हर आदमी के अंदर का गाँव

लौटना चाहता है जहाँ से वह आया था

या उसे आना पड़ा था

आदमी भले लौटे न लौटे

गाँव लौटना चाहता है

शहर को वैसा ही छोड़कर

जो वह होना नहीं चाहता।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय