समतल

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

समुद्र के पानी में आया नमक

रात की बही हुई उदासी है

नदियाँ मीठी इसलिए हैं

क्योंकि उन्हें तटों के कंधों का सहारा है

सुख का गंतव्य दुःख में विलय है

जैसे नदियाँ अपनी मिठास

समुद्र के खारेपन में मिलने से नहीं बचा सकतीं

समुद्र कहीं किसी कोने में जाकर नहीं गिरता

पृथ्वी का कोई कोना नहीं है

ऐसा पाइथागोरस कहता था

पृथ्वी का कोई हिस्सा

न ऊपर है

न नीचे

समतल एक भ्रम है

जीवन समतल की तरह भले दिखता हो

होता नहीं है

हम अपना पूरा जीवन

एक वक्र रेखा को सरल कहकर और

एक वृत्त को बिंदु मानकर गुज़ार देते हैं

समय कभी भी सरल रेखा में नहीं चलता

भूख की रात सबसे लंबी होती है और

ग्लानि का दिन सबसे गर्म

बिछोह की शाम सबसे ज़्यादा कोंचती है और

बेगारी की सुबह सबसे ज़्यादा चुभती है

समय अपना धर्म कभी नहीं भूलता

ईश्वर और धर्म दो अलग रास्ते हैं

धर्म का ज्ञान ईश्वरीय नहीं और

ईश्वर धार्मिक कभी नहीं हो सकता।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like