तुम थी इस तरह जैसे
हवा रहती है आस-पास
यक़ीन नहीं करना पड़ता कि
है या नहीं
न होने पर फेफड़ों का बजने लगता है अलार्म
नसें चिल्लाने लगतीं हैं
ख़ून को होने लगती है कमी ऑक्सीजन की
मेरी आत्मा को ढोने वाली इस कौतुक भरी
बैलगाड़ी के बैल सींग मारने लगते हैं
अपने ही गाड़ीवान को
तुम थी इस तरह जैसे
मौसम होता है हर एक महीने के साथ
अपना रंग और दरीचा साथ लेकर आया हुआ
बुलाना नहीं पड़ता उसे
हर बीतते
कम होते हुए मौसम के बाद
थोड़ा-थोड़ा पहले ही आकर बैठा होता है
ताकि ज़्यादा राह न तकनी पड़े
उसे पता है
गर्मी में सूखे हुए को चाहिए
बारिश की एक ताज़ा झकोर
ठंड में ठिठुरते हुए को देखने हैं अभी
हरे पत्ते शीशम पर फिर से आए हुए
तुम थीं इस तरह जैसे
मरीज़ के पास होती है दवा
उसके डॉक्टर से थोड़ी ज़्यादा
जैसे आँखों के पास होता है पानी
नदियों से थोड़ा ज़्यादा
जैसे चूल्हे के पास होती है आग
चिमनियों से थोड़ी ज़्यादा
तुम थीं जैसे घासों के पास
इकट्ठी होती रहती है ओस
जैसे चकोर के पास
इकट्ठा होता रहता है चाँद
जैसे मधुमक्खियों के छत्तों के पास
इकट्ठा होता रहता है शहद
मेरा यह मान पाना ही सबसे दूभर है कि
सब कुछ चला गया है
एक ढहे हुए भीटे की ग़ायब हो चुकी मिट्टी की तरह
जो चाहिए होता है
एक जीवन को जीवन कहने के लिए
मैं यहाँ बहुत पहले ही आ गया था
जिस समय में तुम मुझे देख पा रही हो
सुन पा रही हो
मेरे होने का अंदाज़ लगा पा रही हो
यह मेरा समय नहीं है
मैं अपने बिछड़े हुए समय को ढूँढ़ता
यहाँ चला आया हूँ बस
भौतिकताओं में उलझा हुआ एक शरीर पाकर
मैं बस छटपटा रहा हूँ
तुम्हारे जैसा ही एक हुलिया ओढ़े
तुम्हें आना होगा
इस बिगड़ी हुई घड़ी की सुइयों को ठीक करते हुए
वापस लौटी हुई हवा की तरह
लौटे हुए मौसम की तरह
काम करती हुई दवा की तरह
नमी की तरह
ओस की तरह
चाँदनी की तरह
मेरा शरीर
एक कवि की आत्मा का उजड़ा हुआ बसेरा है
जिसको पूरी प्रकृति चाहिए
अपनी कविता पूरी करने के लिए।








