नवोदय में
हॉस्टल से मेस की जानिब
चलते हुए
एक मोड़ था
मोड़ मुड़ कर
खेल के मैदान में
बिल्कुल बीचोबीच में
पेड़ है एक बरगद का
छोटा
घना
जिसके साए में मेरा
वक़्त बीता है बहुत
लेकिन हमेशा
यही मैंने सोचा
कि इस जगह सुनसान में
बंजर ज़मीं चटियल मैदान में
मुझ-सा दीवाना है
तब ये पेड़ है।
उम्र की आँधियों में
ये पेड़ एक दिन
गिर पड़ेगा
मेरे बाद भी
दीवाने मगर
वहीं के वहीं रहेंगे।
देखता हूँ तो
आगे भी रास्ते हैं
रास्तों में मोड़ भी
मैदान भी
पेड़ नहीं कोई।
मिल जाएँगे मेहरबाँ
फिर भी हर मोड़ पर
पूछेगा ये दिल मेरा
वो जो एक छाँव थी
खो गई है कहाँ?








